चंपावत। एसडीएम अनिल चन्याल हिमाचल की राजधानी शिमला में हैं। उन्होंने मंगलवार सुबह सवा दस बजे खुद अपने स्टाफ को फोन कर इसकी जानकारी दी। मानसिक स्वास्थ्य लाभ के लिए शिमला जाने की बात सामने आई है। बाद में डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी और एसपी देवेंद्र पींचा ने चन्याल से फोन पर बात कर इसकी पुष्टि की। प्रशासन ने चन्याल के परिजनों को उनकी कुशलता की जानकारी दी। साथ ही सोमवार से जारी तलाशी अभियान भी समाप्त बंद कर दिया गया है।
चंपावत सदर के एसडीएम चन्याल 11 सितंबर की दोपहर दो बजे बाद से अचानक लापता हो गए थे। उनके अपने कार्यक्षेत्र में नहीं होने की जानकारी प्रशासन और अन्य स्टाफ को 12 सितंबर सुबह दस बजे बाद मिली। गुमशुदगी दर्ज करने के बाद आनन-फानन में तीन टीमें बनाकर उनकी खोजबीन शुरू की गई। इन टीमों ने सोमवार रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया। अलबत्ता मंगलवार को चन्याल की एक कॉल ने उनकी लोकेशन और सुरक्षित होने की राहत भरी खबर दी। एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि एसडीएम के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने के बाद खोजबीन अभियान बंद कर दिया।
चंपावत के एसडीएम अनिल चन्याल ठीक हैं। मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं होने से वे यहां से चले गए थे। उनके बुधवार तक चंपावत पहुंचने की उम्मीद है। उनसे वार्ता करने के बाद जरूरत होने पर अवकाश दिया जाएगा। -नरेंद्र सिंह भंडारी, डीएम, चंपावत।








